मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों में तीन हफ्ते से कम समय बचा है। लेकिन, महाकालेश्वर मंदिर के लिए दुनिया भर में मशहूर उज्जैन में चुनाव का माहौल नहीं नजर आता। चुनाव प्रचार करते उम्मीदवार नहीं दिखते। सड़क और गलियों में राजनीतिक दलों के बैनर नहीं दिख रहे। उज्जैन नॉर्थ को भाजपा का गढ़ माना जाता है। यहां मतदाताओं की संख्या 2,28,264 है। BJP ने इस बार पारस जैन को टिकट नहीं दिया है। इसकी वजह उनका खराब स्वास्थ्य है। उनकी जगह भाजपा ने अनिल जैन को टिकट दिया है। कांग्रेस ने माया राजेश त्रिवेदी को मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी (AAP) भी यहां ताल ठोक रही है। उसने विवेक यादव को मैदान में उतारा है, जो हाल में कांग्रेस से आप में आए थे। इस तरह इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला दिख रहा है। भाजपा ने इस सीट से छह बार विधायक रहे जैन को भले ही टिकट नहीं दिया है, लेकिन उसे इस सीट को जीतने का पूरा भरोसा है। इसकी वजह यह है कि महाकाल की इस नगरी में उसे वोटर्स का काफी सपोर्ट हासिल है।
