Union budget 2024 : सरकार एनर्जी के कुल उत्पादन में रिन्यूएबल एनर्जी की हिस्सेदारी बढ़ाना चाहती है। केंद्रीय मंत्री आर के सिंह ने कहा है कि आने वाले समय में बड़ा बदलाव दिख सकता है। सिंह ने 3 जनवरी को एक कार्यक्रम में कहा कि इस मामले में अब तक ग्रोथ एक दिशा में हुई है। लेकिन, आगे स्थिति बदलने जा रही है। पावर सेक्टर में बदलाव की जो मौजूदा रफ्तार है, उसे देखते हुए ऐसा लगता है कि भविष्य पूरी तरह अलग होगा। हालांकि, पॉलिसी के लेवल पर किए गए उपायों और यूनियन बजट (Union Budget 2024) में फोकस बढ़ाने के बावजूद रिन्यूएबल एनर्जी की ग्रोथ टारगेट के मुकाबले कम रही है। रिन्यूएबल एनर्जी के उत्पादन का जो लक्ष्य सरकार ने रखा है, उससे भी कनफ्यूजन की स्थिति बनी है। पहले सरकार ने 2022 तक सोलर एनर्जी के लिए 100 GW की उत्पादन क्षमता का टारगेट तय किया था। तब रिन्यूएबल एनर्जी (विंड, बायोमास और स्मॉल हाइड्रो सहित) के लिए कुल उत्पादन क्षमता का लक्ष्य 175 GW (गीगा वॉट) तय किया गया था। पावर मिनिस्ट्री के डेटा के मुताबिक, 30 नवंबर, 2023 तक सोलर एनर्जी की स्थापित क्षमता 72GW से थोड़ी ज्यादा थी, जबकि रिन्यूएबल एनर्जी की कुल क्षमता 132 GW थी।
