हितेश चिमनलाल दोशी ने साल 1985 में एक रिश्तेदार से 5,000 रुपये उधार लेकर बिजनेस शुरू किया था। आज करीब 40 साल बाद, वह देश की सबसे बड़ी रिन्यूएबल एनर्जी कंपनियों में से एक, वारी ग्रुप के मालिक हैं। सोमवार 28 अक्टूबर को वारी ग्रुप की सबसे मुख्य कंपनी वारी एनर्जीज का IPO शेयर बाजार में लिस्ट हुआ। इसके साथ ही दोशी और उनका परिवार अब दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में शामिल हो गया है। वारी एनर्जीज के शेयर सोमवार 56% के धांसू प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, लिस्टिंग के बाद दोषी परिवार की कुल संपत्ति बढ़कर करीब 43,700 करोड़ रुपये (5.2 अरब डॉलर) पर पहुंच गई, जो लिस्टिंग के पहले के मुकाबले दोगुनी है।
