Get App

पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता नटवर सिंह का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख

Natwar Singh Passed Away: कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह का निधन हो गया है। वो लंबे समय से बीमार थे। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि नटवर सिंह का अंतिम संस्‍कार दिल्‍ली में किया जाएगा। नटवर सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है

MoneyControl Newsअपडेटेड Aug 11, 2024 पर 9:30 AM
पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता नटवर सिंह का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख
Natwar Singh Passed Away: देश के पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता नटवर सिंह का 95 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है।

पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह का शनिवार देर रात गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वो 95 साल के थे। वह पिछले कुछ समय से बीमार थे। मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। राजस्थान के भरतपुर जिले के रहने वाले नटवर सिंह एक बड़े कांग्रेसी नेता थे। सिंह ने मई 2004 से दिसंबर 2005 तक डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार में विदेश मंत्री के रूप में कार्य किया था। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने नटवर सिंह के निधन पर शोक जताया है।

नटवर सिंह ने पाकिस्तान में भारत के राजदूत के रूप में भी काम कर चुके हैं। वे 1966 से 1971 तक प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यालय से जुड़े रहे थे। अपने राजनीतिक करियर में नटवर सिंह कई बार अलग-अलग कारणों से चर्चा में रहे। उनकी आत्मकथा ‘One Life Is Not Enough’ भी सनसनी दावों के कारण चर्चा में रही थी।

पीएम मोदी ने शोक प्रकट किया

नटवर सिंह के निधन पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट किया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि नटवर सिंह जी के निधन से दुख हुआ। उन्होंने कूटनीति और विदेश नीति की दुनिया में समृद्ध योगदान दिया। वह अपनी बुद्धि के साथ-साथ विपुल लेखन के लिए भी जाने जाते थे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति."। वहीं देश के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित राजनयिक और पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह के निधन से बहुत दुःख हुआ। उनके कई योगदानों में जुलाई 2005 के भारत-अमेरिका परमाणु समझौते में महत्वपूर्ण भूमिका शामिल है। उनके लेखन, विशेष रूप से चीन पर, ने हमारी कूटनीति में बहुमूल्य अंतर्दृष्टि प्रदान की। उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें