होली का खुमार चढ़ने लगा है, और उससे पहले छोटी होली 2025 यानी होलिका दहन का पावन पर्व आने वाला है। इस साल यह शुभ दिन गुरुवार, 13 मार्च 2025 को मनाया जाएगा। ये सिर्फ लकड़ियों और उपलों को जलाने का दिन नहीं है, बल्कि यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। ये पर्व हमें सिखाता है कि अहंकार, घमंड और अन्याय कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में जीत हमेशा सच्चाई और भक्ति की होती है। होलिका दहन की यह परंपरा प्रह्लाद की भक्ति और होलिका के अहंकार की कहानी को जीवंत कर देती है। ये दिन हमें सिखाता है कि जीवन में सकारात्मकता बनाए रखना कितना जरूरी है। इस दिन लोग अपनी परेशानियों और दुखों को होलिका की अग्नि में जलाकर नए उत्साह और उमंग के साथ रंगों के त्योहार होली की तैयारी करते हैं।