हेल्थकेयर प्रॉडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूटर एंटरो हेल्थकेयर सॉल्युशंस (Entero Healthcare Solutions) ने 13 सितंबर को पूंजी बाजार नियामक सेबी (SEBI) के पास IPO के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया। आईपीओ में कंपनी की ओर से 1,000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही प्रमोटर प्रभात अग्रवाल, ऑर्बीमेड एशिया III मॉरीशस और प्रेम सेठी सहित 19 सेलिंग शेयरहोल्डर्स की ओर से 85.57 लाख इक्विटी शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। कंपनी का मुख्यालय मुंबई में है। अमेरिका स्थित हेल्थकेयर-फोकस्ड निवेश फर्म ऑर्बीमेड के स्वामित्व वाले कॉर्पोरेट प्रमोटर ऑर्बीमेड एशिया III मॉरीशस की एंटरो हेल्थकेयर सॉल्युशंस में 58.70 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वहीं व्यक्तिगत प्रमोटर प्रभात अग्रवाल और प्रेम सेठी के पास कंपनी में 11.38 प्रतिशत और 6.46 प्रतिशत शेयर हैं।
