Tata Tech IPO: करीब 19 साल बाद टाटा की कोई कंपनी लिस्ट होने जा रही है तो मार्केट में अनुमानों का पारा काफी हाई है। 2004 में TCS की लिस्टिंग के बाद अब टाटा टेक के शेयरों की घरेलू मार्केट में 30 नवंबर को एंट्री हो सकती है। मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसके शेयर 500 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 75-80 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हो सकते हैं। इसका मतलब है कि इसके शेयर 875-900 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लिस्टिंग के दिन खुल सकते हैं। इसकी मजबूत पैरेंट कंपनी, हेल्दी फाइनेंशियल परफॉरमेंस, आईपीओ सब्सक्रिप्शन के दमदार आंकड़े और इंजीनियरिंग सर्विसेज इंडस्ट्री में ग्रोथ की तेज गुंजाइश के चलते एक्सपर्ट्स इसे लेकर काफी पॉजिटिव हैं। ग्रे मार्केट से भी मजबूत संकेत मिल रहे हैं और यहां से मिले संकेतों के मुताबिक इसके शेयर 80-82 प्रीमियम पर लिस्ट हो सकते हैं।
