उत्तर पश्चिम भारत भीषण गर्मी से झुलस रहा है। 17 मई को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और यह देश में सबसे गर्म स्थान रहा। राजस्थान में 19, हरियाणा में 18, दिल्ली में 8 और पंजाब में 2 स्थानों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। 18 मई को लेकर भारत मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पश्चिम राजस्थान के कई स्थानों और पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल, गांगेय पश्चिम बंगाल, बिहार, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ स्थानों में लू चल सकती है।
