दुनिया भर की निगाहें इस समय इस बात पर लगी हुई हैं कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व दरों में कटौती का सिलसिला कब शुरू करता है। महंगाई को लेकर अभी भी उम्मीद के विपरीत राहत नहीं मिल पाई है लेकिन इसके बावजूद एक्सपर्ट की मानें तो अमेरिकी फेड दूसरी तिमाही के आखिरी यानी अप्रैल-जून 2024 के आखिरी से दरों में कटौती शुरू कर सकता है। इनवेस्को की चीफ ग्लोबल मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट क्रिस्टीन हूपर के मुताबिक अनुमान से अधिक महंगाई दर के बावजूद जून के आखिरी से दरों में कटौती शुरू हो सकती है। उन्होंने ये बातें फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में आयोजित एक मैगजीन के सालाना इनवेस्ट इन वूमेन कांफ्रेंस में कहीं। इस कांफ्रेंस में शामिल क्रिस्टीना समेत अन्य स्ट्रैटेजिस्ट्स का मानना है कि अमेरिकी इकॉनमी मंदी से बच सकती है क्योंकि अमेरिकी फेड इंटेरेस्ट रेट पॉलिसी में बदलाव कर रहा है।
