Get App

Pakistan-Afghanistan Clash: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किया बड़ा हमला! 200 तालिबान लड़ाके मारे जाने का दावा

Afghanistan-Pakistan conflict: पाकिस्तानी सेना ने रविवार (12 अक्टूबर) को एक बयान में दावा किया कि सीमा पर हुई झड़पों में 200 से अधिक अफगान सैनिक मारे गए हैं। इससे पहले तालिबान ने शनिवार रात भर हुई झड़पों में 58 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया था। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री इस समय भारत दौरे पर हैं

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Oct 12, 2025 पर 6:11 PM
Pakistan-Afghanistan Clash: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किया बड़ा हमला! 200 तालिबान लड़ाके मारे जाने का दावा
Afghanistan-Pakistan conflict: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव बढ़ गया है

Afghanistan-Pakistan conflict: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सुरक्षा बलों की तरफ से किए गए हमले के बाद इसके जवाब में कई अफगान सीमा चौकियों, ट्रेनिंग सेंटरों और प्रमुख ठिकानों को नष्ट करने का दावा किया है। साथ ही पाकिस्तानी सेना ने 200 से अधिक तालिबानी लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया है। पाकिस्तान ने गुरुवार को काबुल में हवाई हमले किए थे। इसके बाद शनिवार से दोनों पक्षों के बीच झड़पें हो रही हैं।

पाकिस्तान ने शनिवार (11 अक्टूबर) को अफगानिस्तान पर बिना वजह के एयरस्ट्राइक कर दिया। इसके बाद सत्ताधारी तालिबान ने 24 घंटे के भीतर पाकिस्तान पर जवाबी हमला किया। तालिबान ने शनिवार रात भर हुई झड़पों में 58 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। वहीं, कई अन्य घायल हैं।

इसके बाद अब पाकिस्तान ने रविवार तड़के अफगानिस्तान पर जवाबी कार्रवाई की। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने एक बयान में दावा किया है कि सीमा पर हुई इन झड़पों में 200 से अधिक अफगान सैनिक मारे गए हैं। न्यूज एजेंसी ने आगे कहा कि वह स्वतंत्र रूप से इस आंकड़े की पुष्टि नहीं कर सकती। तालिबान ने आधिकारिक तौर पर अपनी ओर से 9 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।

वहीं, अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा, "अगर विरोधी पक्ष फिर से अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करता है तो हमारे सशस्त्र बल देश की सीमाओं की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हम उसका माकूल जवाब देंगे।" अफगान बलों ने खैबर पख्तूनख्वा में अंगूर अड्डा, बाजौर, कुर्रम, दीर और चित्राल एवं बलूचिस्तान में बारामचा स्थित पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाया।

वहीं, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने सीमा चौकियों पर तालिबान के हमलों को अकारण बताया। साथ ही उन पर आम नागरिकों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "अफगान बलों ने नागरिक आबादी को निशाना बनाकर गोलीबारी की जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों का घोर उल्लंघन है। पाकिस्तान के जांबाज सुरक्षा बलों ने त्वरित और असरदार जवाब दिया है। किसी भी उकसावे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सेनाएं सतर्क हैं। अफगानिस्तान को ईंट का जवाब पत्थर से दिया जा रहा है। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) की ओर से कथित तौर पर अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल करते हुए बार-बार आतंकवादी हमले करने के बाद दोनों पड़ोसियों के बीच स्थिति बिगड़ गई। इसमें पिछले हफ्ते अशांत खैबर पख्तूनख्वा के ओर कजई जिले में हुआ एक हमला भी शामिल है। उस हमले में एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक मेजर समेत 11 सैन्यकर्मियों की जान चली गई थी।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें