अगरतला-सियालदह कंचनजंघा एक्सप्रेस के पहले और आखिरी कोच में बैठे यात्रियों के लिए सोमवार को असम के लामडिंग स्टेशन पर हुई एक तय ऑपरेशनल प्रोसेस किसी की लिए अच्छा साबित हुआ, तो किसी के लिए बेहद ही बुरा। ये कहना गलत नहीं होगा कि इस पूरे प्रोसेस ने घटना में कई लोगों का जीवन एकदम से बदल दिया। पश्चिम बंगाल में न्यू जलपाईगुड़ी के पास रंगापानी में एक्सप्रेस ट्रेन को एक मालगाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। असम के लामडिंग में इस ट्रेन की डायरेक्शन बदली गई, जो कि एक तय प्रक्रिया होती है। तकनीकि भाषा में इसे डायरेक्शन रिवर्सल कहते हैं। दिशा बदलने के इस पूरे प्रोसेस के बाद, जो डिब्बे पहले आगे थे, वे ट्रेन के पिछले हिस्से में आ गए।
