Get App

Air India के प्लेन में कॉकरोच मिलने से मचा हड़कंप, यात्रियों ने किया हंगामा, अमेरिका से मुंबई आ रही थी फ्लाइट

Cockroaches On Air India: टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया ने एक बयान में बताया कि इन छोटे कॉकरोचों को सबसे पहले कोलकाता में रुके विमान में सवार दो यात्रियों ने देखा। इसके बाद दोनों यात्रियों को अलग-अलग सीटों पर बिठाया गया और कोलकाता में विमान के रुकने के दौरान उसकी अच्छी तरह से सफाई की गई

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Aug 04, 2025 पर 3:44 PM
Air India के प्लेन में कॉकरोच मिलने से मचा हड़कंप, यात्रियों ने किया हंगामा, अमेरिका से मुंबई आ रही थी फ्लाइट
Air India विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी

Cockroaches On Air India: एयर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आने वाली एक फ्लाइट में कुछ छोटे कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया। यात्रियों ने प्लेन में भारी हंगामा किया। बाद में एयरलाइन ने एक बयान में बताया कि इन छोटे कॉकरोचों को सबसे पहले कोलकाता में रुके विमान में सवार दो यात्रियों ने देखा। इसके बाद दोनों यात्रियों को अलग-अलग सीटों पर बिठाया गया और कोलकाता में विमान के रुकने के दौरान उसकी अच्छी तरह से सफाई की गई। एयर इंडिया टाटा ग्रुप में जुड़ने के बाद लगातार चर्चा में बना हुआ है।

एयरलाइन ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आने वाले विमान में सवार दो यात्रियों की सीट बदलनी पड़ी क्योंकि इन यात्रियों ने प्लेन में कुछ छोटे कॉकरोच होने की शिकायत की थी। एयरलाइन की ओर से एक बयान में कहा गया कि यह घटना एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI180 में हुई।

एयर इंडिया की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, "सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या AI180, दुर्भाग्यवश, दो यात्री विमान में कुछ छोटे कॉकरोच देखकर परेशान हो गए। इसलिए, हमारे केबिन क्रू ने दोनों यात्रियों को उसी केबिन की दूसरी सीटों पर बिठाया, जहां वे आराम से बैठ गए।"

टाटा ग्रुप की अगुवाई वाली एयरलाइन ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि कोलकाता में उड़ान के निर्धारित ईंधन भरने के दौरान, कंपनी के ग्राउंड क्रू ने समस्या के समाधान के लिए तुरंत सफाई की। इसके बाद, वही विमान समय पर मुंबई के लिए रवाना हुआ।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें