Maharashtra MLC Polls 2024 Live: गणपत गायकवाड के वोट डालने का कांग्रेस ने भी किया विरोध
कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए नियुक्त निर्वाचन अधिकारी से आग्रह किया है कि थाने में शिवसेना नेता पर गोली चलाने के आरोपी भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक गणपत गायकवाड को वोट डालने न दिया जाए। कांग्रेस उम्मीदवार प्रदन्या सातव के प्रतिनिधि अभिजीत वंजारी ने निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में कहा कि गायकवाड न्यायिक हिरासत में हैं और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 62(5) के तहत वोट नहीं दे सकते।
पत्र में कहा, "हमें पता चला है कि गायकवाड विधान भवन में वोट देने के लिए आएंगे। कृपया उन्हें ऐसा करने से रोकें... और किसी दबाव में आए बिना संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करें। अन्यथा हमें कानूनी रास्ता अपनाना पड़ेगा।"
कल्याण पूर्व के विधायक गायकवाड़ को फरवरी में एक जमीन विवाद को लेकर पुलिस थाने के अंदर शिवसेना के एक पदाधिकारी पर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। घटना के बाद से ही बीजेपी विधायक न्यायिक हिरासत में हैं।
विधान परिषद की 11 सीट पर द्विवार्षिक चुनाव के लिए शुक्रवार को सुबह नौ बजे से दक्षिण मुंबई के विधान भवन परिसर में मतदान प्रक्रिया जारी है, जो कि शाम चार बजे तक चलेगी।